नक्सली डिप्टी कमांडर/ स्नाइपर सोढ़ी कन्ना को फोर्स ने मुठभेड़ में मार गिराया, देखिए वीडियो

बस्तर/बीजापुर 7 जुलाई। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में 8 लाख का इनामी नक्सली डिप्टी कमांडर और स्नाइपर सोढ़ी कन्ना मारा गया है। सर्च ऑपरेशन के दौरान उसका शव और एक 303 राइफल बरामद की गई है।

रातभर मुठभेड़, सुबह मिला शव

बीजापुर। बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि नक्सली मूवमेंट की सूचना पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा, एसटीएफ, कोबरा 202, कोबरा 210 और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम को 4 जुलाई से ऑपरेशन पर रवाना किया गया था। मुठभेड़ रातभर चलती रही और 5 जुलाई की सुबह सोढ़ी कन्ना का शव और हथियार बरामद किए गए।

मुठभेड़ स्थल से बरामद हथिया

303 राइफल और 5 जिंदा राउंड
AK-47 मैग्जीन और 59 राउंड
माओवादी वर्दी, रेडियो सेट
डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, सेफ्टी फ्यूज
नक्सली साहित्य और दैनिक उपयोग की सामग्री।

18 महीने में 415 हार्डकोर नक्सली ढेर

IG सुंदरराज पी. ने बताया कि बीते 18 महीनों में 415 हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराया गया है। उन्होंने कहा कि DRG, STF, CoBRA और CRPF जैसे बल दुर्गम इलाकों और भारी बारिश के बीच भी ऑपरेशन चला रहे हैं, और यह माओवादी नेटवर्क के लिए बड़ा झटका है।

अबूझमाड़, सुकमा और कर्रेगुट्टा में नक्सलियों का सफाया

26 जून को अबूझमाड़ (नारायणपुर) में 6 लाख की इनामी 2 महिला नक्सली ढेर।
11 जून को सुकमा में 5 लाख के इनामी समेत 2 नक्सली मारे गए।
7 जून को बीजापुर में 5 नक्सलियों को मार गिराया गया।
21 मई को 1.5 करोड़ के इनामी बसवा राजू समेत 27 नक्सली ढेर हुए।
इससे पहले कर्रेगुट्टा ऑपरेशन में 24 दिन तक चला अभियान, 31 नक्सली मारे गए।

गृहमंत्री अमित शाह की डेडलाइन

गृह मंत्री अमित शाह ने 2024 में अपने बस्तर दौरे के दौरान कहा था कि “हथियार डालो, नहीं तो जवानों की गोलियों से खत्म हो जाओगे”। उन्होंने यह भी कहा कि 2026 तक देश से नक्सलवाद का सफाया किया जाएगा। इसके बाद बस्तर और आसपास के इलाकों में नक्सल विरोधी ऑपरेशन तेज कर दिए गए हैं।

नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका

लगातार मारे जा रहे बड़े नक्सली लीडर्स और मुठभेड़ों की श्रृंखला से यह साफ है कि सुरक्षाबलों की रणनीतिक कार्रवाइयों से माओवादी संगठन कमजोर हो रहा है। आने वाले महीनों में ऑपरेशन और तेज किए जाने की संभावना है।

Spread the word