मेडिकल छात्रा ने लगाई फांसीः एसईसीएल क्वार्टर में मिली लाश, पिता ने कहा-पढ़ाई के दौरान डिप्रेशन था, इलाज चल रहा था

कोरबा 13 जून। कोरबा जिले में मेडिकल की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान छाया गौतम (22) के रूप में हुई है। वह पिछले 5 सालों से रायपुर के मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। 13 जून को छाया का शव उसके घर में मिला।
जानकारी के अनुसार मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र का है। छाया लगभग 15 दिन पहले रायपुर से कोरबा आई थी। रायपुर से लौटने के बाद से वह मानसिक तनाव में थी। उसने अपने पिता शशि भूषण गौतम को बताया था कि पढ़ाई के दौरान उसे कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पिता ने उसका कोरबा के एक निजी अस्पताल में इलाज भी शुरू करवाया था। शुक्रवार सुबह, जब घर में कोई नहीं था, छाया ने क्वार्टर में फांसी लगाकर जान दे दी। उस समय उसके पिता ड्यूटी पर थे। घर के सदस्यों ने फोन कर उन्हें सूचना दी।
डॉक्टर बनना चाहती थी छाया
बता दें कि छाया के पिता एसईसीएल कर्मी है वे लोग कला मंदिर क्षेत्र में एम 55 माइनस क्वार्टर में रहते थे। घटना के समय मां भी बाहर गई थी। छाया के पिता ने बताया कि बचपन से ही पढ़ाई लिखाई में होशियार थी और डॉक्टर बनना इसका एक सपना था।
