बांग्लादेश को भारत का जवाब, रद्द की ट्रांसशिपमेंट की सुविधा

नई दिल्ली. बांग्लादेश की चालबाजियों और चीन से बढ़ती नजदीकियों को देखते हुए भारत ने उसकी ट्रांसशिपमेंट सुविधा रद्द कर दी है।

आपको बता दें कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस ने पिछले माह चीन का दौरा किया था। तब उन्होंने विवादास्पद टिप्पणी करते हुए कहा था कि भारत के पूर्वोत्तर राज्य लैंड लॉक्ड हैं और समुद्र तक उनकी पहुंच का एकमात्र रास्ता बांग्लादेश है। यूनुस ने चीन को बांग्लादेश की स्थिति का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया था।

अब भारत के सेंट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्सेस एंड कस्टम्स (सी बी आई सी) ने सर्कुलर जारी कर भारत की ओर से बांग्लादेश को दी जाने वाली ट्रांसशिपमेंट की सुविधा खत्म कर दी है। इस सुविधा के तहत बांग्लादेश से आने वाले सामान को भारत के रास्ते दूसरे देशों में भेजने की अनुमति दी गई थी। इसका मकसद था कि पड़ोसी बांग्लादेश आसानी से भूटान, नेपाल और म्यांमार जैसे देशों को सामान भेज सके। अब बांग्लादेश के व्यापारियों को कोई भी सामान भेजने और मंगाने के लिए ज्यादा समय लगेगा और ज्यादा खर्चा भी उठाना पड़ेगा।

ट्रेड होगा प्रभावित

ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव के प्रमुख अजय श्रीवास्तव ने कहा कि इस सुविधा के जरिए बांग्लादेश को अपने सामान को भूटान, नेपाल और म्यांमार जैसे देशों तक भारतीय जमीन के जरिए भेजने की छूट मिली थी। यह सुविधा 20 साल से दी जा रही थी। यह सुविधा बंद होने से बांग्लादेश के निर्यात व आयात पर असर पड़ेगा और उसका थर्ड कंट्री ट्रेड प्रभावित होगा। ये देश व्यापार के लिए भारतीय रास्तों पर निर्भर हैं।

Spread the word