भाजपाः अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल नेताओं को छह वर्षों के लिए किया निष्कासित

कोरबा 13 मार्च। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अनुशासनहीनता के मामलों में कड़ा रुख अपनाते हुए कई बागी नेताओं और जनप्रतिनिधियों पर बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी के आदेश की अवहेलना करने वाले नेताओं को संगठन से निष्कासित कर दिया गया है, जिससे पार्टी में हड़कंप मच गया है।
पार्टी द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल नेताओं को छह वर्षों के लिए निष्कासित किया गया है। कोरबा और कोरिया जिलों में भी बागी नेताओं पर सख्त कदम उठाए गए हैं।
कोरबा जिले में भाजपा नेत्री कृष्णा राजपूत, चंद्रकांता राजपूत, मोनिका भगत और अरविंद भगत पर कार्रवाई की गई है। वहीं, कोरिया जिले में महिला नेत्री सौभाग्यवती को भी पार्टी से निष्कासित किया गया है।
विशेष रूप से, अरविंद भगत पर भी पार्टी की अनुशासनात्मक कार्रवाई हुई है। उन्होंने अपनी जनपद सदस्य पत्नी को कोरबा जनपद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ाया था, जो पार्टी के निर्देशों के खिलाफ था। इस बागी रुख के बाद अरविंद भगत को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
इसके अलावा, अरविंद भगत पर बड़े नेताओं से संबंध बताकर गुंडागर्दी करने के आरोप भी लगे हैं। उन्होंने मुक्तांजलि वाहन के ड्राइवर की पिटाई की थी। अरविंद भगत को भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत का करीबी बताया जाता है। उनके खिलाफ पुलिस में मारपीट की लिखित शिकायत भी दर्ज की गई है। इन घटनाओं के बीच, पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया है।
