नवरात्र- दशहरा पर्व को लेकर पुलिस अलर्टः निकाला फ्लैग मार्च, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई

कोरबा, 12 अक्टूबर। नवरात्र और दशहरा पर्व के मद्देनजर कटघोरा में सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया गया है। त्योहारों के दौरान बढने वाली भीड़ और संभावित चुनौतियों को देखते हुए पुलिस ने शहर में पैदल फ्लैग मार्च निकाला। इसका उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और असामाजिक तत्वों को कानून का पालन करने का संदेश देना रहा।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सब डिविजनल पुलिस ऑफिसर विजय राजपूत के नेतृत्व में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च किया। पुलिस थाना परिसर से शुरू हुआ मार्च बस स्टैंड, अंबिकापुर रोड, मोहल्लाइन भाटा, पुरानी बस्ती, कारखाना एरिया और तहसील भाटा सहित शहर के प्रमुख मार्गों एवं विभिन्न इलाकों से गुजरा। थाना प्रभारी राजेश तिवारी, उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह सहित पुलिस के जवान मौजूद रहे। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि, अशांति फैलाने या कानून-व्यवस्था बिगाडने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने सीधे तौर पर कहा की कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे। इससे पहले पुलिस नवरात्र आयोजन समितियों के साथ बैठक कर चुकी है। बैठक में समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई थी। पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों को परंपरा और गरिमा के साथ संपन्न कराने के लिए सभी को नियमों का पालन करना ही होगा।

Spread the word