दंतैल हाथी ने किया सक्ती रेंज का रूख, ग्रामीणों को मिली राहत

कोरबा, 10 अक्टूबर। वनमंडल कोरबा के करतला रेंज अंतर्गत पीडिया, बड़मार तथा कोटमेर क्षेत्र में उत्पात मचाकर ग्रामीणों एवं वन विभाग की नाक में दम कर देने वाला लोनर हाथी बीती रात सक्ती रेंज का रूख कर लिया। दंतैल को आज सुबह पड़ोसी जिले के जंगल में विचरण करते हुए देखे जाने के बाद ग्रामीणों एवं वन विभाग ने राहत की सांस ली है।

इससे पहले दंतैल ने रेंज के ग्रामीण क्षेत्र में लगातार उत्पात मचाकर धान की फसल को नुकसान पहुंचा रहा था। दंतैल के उत्पात से ग्रामीण काफी चिंतित थे। उधर कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। यहां के पसान सर्किल में 52 की संख्या में हाथी सक्रिय हैं। हाथियों का दल बीती रात यहां स्थित एक हॉस्टल में घुस गया था, जिससे अफरा-तफरी मच गई थी। बाद में वन विभाग को पता चलने हाथी मित्र दल के सदस्य तत्काल मौके पर पहुंचे और हाथियों को खदेडने की कार्यवाही की। हाथियों ने अन्यत्र जाने से पहले एक स्कूल की दीवार को भी ढहा दिया। इतना ही नहीं एक ग्रामीण के मकान को भी निशाना बनाते हुए ध्वस्त कर दिया। हाथियों के उत्पात को रोकने के लिए वन विभाग द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है लेकिन इसमें सफलता नहीं मिल पा रही है। हाथी या तो निगरानी दल को चकमा देकर खेतों में पहुंच जा रहे हैं या रिहायशी इलाके में घुसकर ग्रामीणों के घर को ढहा दे रहे हैं।

Spread the word