श्मशान के पास तंत्र-मंत्र करते 9 लोग पकड़े गए, ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने किया गिरफ्तार

बालोद। जिले के रनचिरई थाना क्षेत्र के जोरातराई गांव में श्मशान के पास कथित तंत्र-मंत्र गतिविधि का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने मौके पर कुछ लोगों को पकड़ा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, पितृ पक्ष से पहले श्मशान के पास इस तरह की गतिविधियां और एक-दूसरे का मुंडन किए जाने से उन्हें संदेह हुआ। मौके से नींबू समेत अन्य सामग्री भी मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, तंत्र-मंत्र से जुड़ी गतिविधि के उद्देश्य की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।

एडिशनल एसपी चन्द्रकांत गवर्ना ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर रनचिरई थाने में 9 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। सभी को गुंडरदेही न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Spread the word