लंबे समय से जमे हाथियों के अन्यत्र जाने से वन विभाग को मिली राहत

कोरबा 25 सितंबर। वनमंडल कोरबा के करतला रेंज अंतर्गत चिकनीपाली पहाड़ में मौजूद 9 हाथियों ने बीती रात अपना बसेरा बदल दिया। हाथियों का यह दल पहाड़ के रास्ते आगे बढ़ा और कोरबा वनमंडल की सीमा को पार कर सक्ती पहुंच गया और वहां के पहाड़ पर स्थित जंगल में विचरण करने लगा है। लंबे समय से जमे हाथियों के अन्यत्र जाने से वन विभाग ने राहत की सांस ली है।
ज्ञात रहे हाथियों का 9 सदस्यीय यह दल इस वर्ष मई माह में आया था और चिकनीपाली क्षेत्र के पहाड़ को अपना बसेरा बना लिया था। हाथियों का दल अधिकांश समय पहाड़ पर ही रहता था, लेकिन बीच-बीच में इसके नीचे उतर जाने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ जाती थी। हाथियों द्वारा सक्ती का रूख किए जाने से अब कोरबा वनमंडल में मौजूद हाथियों की संख्या नील हो गई है। उधर कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज में अभी भी बड़ी संख्या में हाथी विचरण कर रहे हैं। यहां 32 हाथियों का बड़ा झुंड तान नदी को पार कर पसान बीट के पोड़ीकला जंगल पहुंच गया है।
हाथियों का दल विगत दो दिनों से यहां पर मौजूद है और लगातार खेतों में पहुंचकर वहां लगे धान की फसल रौंदने के साथ तहस-नहस कर दे रहा है। हाथियों की निगरानी वन विभाग द्वारा क जा रही है। वहीं दो दंतैल हाथी तनेरा व बनिया क्षेत्र में अलग-अलग घूम रहे हैं। दंतैल हाथियों ने भी दोनों गांवों में फसल को नुकसान पहुंचाया है। वहीं दो अन्य स्थानों पर भी हाथियों के सक्रिय रहने की खबर है।
