लघुशंका के बहाने पसान थाने से फरार हुआ वारंटी

कोरबा 23 सितंबर। जिले के पसान थाना में आज उस समय हडकंप मच गया जब पुलिस अभिरक्षा में मौजूद एक स्थाई वारंटी पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी ने लघुशंका का बहाना बनाकर बाहर जाने की अनुमति ली और वहां से भाग निकला।

जानकारी के अनुसार कुम्हारीसानी निवासी खीरचंद पिता केवल सिंह के खिलाफ धारा 354 के तहत मामला दर्ज था और इस प्रकरण में स्थाई वारंटी था। इसी मामले में पसान पुलिस उसे अपनी अभिरक्षा में लेकर कार्रवाई कर रही थी। बताया जाता है कि अभिरक्षा के दौरान आरोपी ने लघुशंका करने की बात कही। पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में बाहर जाने के दौरान उसने मौका पाकर वहां से दौड़ लगा दी और पुलिस की पकड़ से निकल गया। थाना में मौजूद पुलिस कर्मियों ने पीछा कर उसे पकडने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हो सका। आरोपी के फरार होते ही हडकंप मच गया।

पुलिस अभिरक्षा से भागने के मामले में पसान पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 262 के तहत अलग से अपराध दर्ज किया है। अब पुलिस इसकी तलाश में जुटी हुई है। फरार वारंटी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस आरोपी के रिश्तेदारों और परिचितों से भी जानकारी जुटा रही है। आरोपी को पकडने का प्रयास जारी है।

Spread the word