गणेश उत्सव से पहले कोरबा पुलिस का बड़ा अभियान: कतता दिखाने वाला आरोपी गिरफ्तार, 40 लीटर महुआ शराब जब्त

कोरबा। गणेश उत्सव और आगामी विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस ने 18 सितंबर 2026 को कोरबा अनुविभाग क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए हथियार दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने वाले आरोपी, अवैध शराब रखने वाले व्यक्ति, वारंटी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

कतता दिखाकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार

थाना कोतवाली क्षेत्र में हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर द्वारा सरमंगला क्षेत्र में कतता दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई की। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

40 लीटर महुआ शराब जब्त

अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई की। आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जीतू साहू निवासी वायनली डुग्गू के कब्जे से 40 लीटर महुआ शराब बरामद की।

पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

7 गिरफ्तारी वारंट और 6 स्थायी वारंट में कार्रवाई

गणेश उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने वारंटियों और अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार अभियान में:

  • 7 गिरफ्तारी वारंट तामील कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
  • 6 स्थायी वारंट में कार्रवाई की गई।
  • 10 आरोपियों को अन्य प्रकरणों में गिरफ्तार किया गया।
  • 2 लोगों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
  • 10 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।

गणेश विसर्जन को लेकर पुलिस की विशेष निगरानी

गणेश उत्सव और आगामी विसर्जन को देखते हुए पुलिस ने पूरे अनुविभाग क्षेत्र में पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ा दी है। संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के साथ पूर्व आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे लोगों पर भी नजर रखी जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, उत्सव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने, अवैध शराब का परिवहन या बिक्री करने, हथियारों का प्रदर्शन करने अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने नागरिकों और गणेश समितियों से की अपील

कोरबा पुलिस ने नागरिकों और गणेश उत्सव समितियों से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Spread the word