हाईवे पर बार-बार पहुंच रहा लोनर हाथी, आवागमन में हो रही बाधाएं

कोरबा 18 सितंबर। जिले के केंदई रेंज में लंबे समय से मौजूद लोनर हाथी बार-बार हाईवे पर पहुंच जा रहा है जिससे आवागमन में बाधाएं आ रही है। वहीं राहगीरों को भी खतरा बना हुआ है। यह लोनर हाथी गुरुवार शाम को एक बार फिर कापानवापारा के निकट कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे क्रमांक- 130 पर पहुंच गया। जिससे वहां से गुजर रहे लोगों में हडकंप मच गया।
इसकी तत्काल सूचना वन विभाग को दी गई, जिस पर उसके अधिकारी व कर्मचारी हाथी मित्र दल के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे और वाहनों को सडक के दोनों ओर रोककर सडक पर विचरण कर रहे लोनर हाथी को गाड़ी का सायरन बजाकर खदेडने की कार्यवाही की। सायरन बजाने के बावजूद हाथी काफी देर तक सडक पर ही चलता रहा। काफी मशक्कत के बाद उसने जंगल का रूख किया। लोनर के जंगल जाने के बाद सडक के दोनों ओर फंसे वाहन चालकों ने आगे का रास्ता तय किया। ज्ञात रहे यह लोनर हाथी क्षेत्र में काफी दिनों से विचरण कर रहा है तथा बार-बार नेशनल हाईवे पर पहुंच जाता है।
उधर एतमानगर रेंज के बंजारी सर्किल में सक्रिय 18 हाथियों के दल ने एक बार फिर खेतों में पहुंचकर जमकर उत्पात मचाया है। बताया जाता है कि हाथियों का दल पहले बंजारी से मड़ई क्षेत्र में पहुंचा और वहां खेतों में लगे फसल को रौंदने के बाद पुनरू बंजारी के रास्ते केंदई रेंज के परला पहुंच गया। वहां भी हाथियों ने उत्पात मचाते हुए बड़ी मात्रा में धान की फसल को रौंद दिया। फसल को तहस-नहस करने के बाद सुबह होने से पहले हाथियों का दल मड़ई क्षेत्र में पहुंच गया है और यहां के जंगल में अपना डेरा डाल दिया है।
