विश्वकर्मा पूजा के बीच वर्कशॉप में निकला फन फैलाए कोबरा, कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी

कोरबा। कोरबा जिले के 200 मेगावाट पावर प्लांट की वर्कशॉप में विश्वकर्मा पूजा के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब कर्मचारियों को वहां एक जहरीला कोबरा सांप दिखाई दिया। कोबरा फन फैलाकर फुंकार मार रहा था। सांप को देखते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए पूजा कार्यक्रम भी रोकना पड़ा।

पूजा के दौरान कर्मचारी की पड़ी कोबरा पर नजर

जानकारी के मुताबिक, वर्कशॉप में विश्वकर्मा पूजा का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान एक कर्मचारी की नजर फन फैलाकर बैठे कोबरा पर पड़ी। उसने तत्काल इसकी जानकारी अन्य कर्मचारियों को दी।

सांप की मौजूदगी की खबर फैलते ही मौके पर कर्मचारियों की भीड़ जुट गई। सुरक्षा को देखते हुए लोगों को सांप से दूर किया गया और आसपास का क्षेत्र खाली कराया गया। इसके बाद वन विभाग और RCRS की टीम को सूचना दी गई।

अविनाश यादव और टीम ने किया कोबरा का रेस्क्यू

सूचना मिलने पर RCRS के अध्यक्ष अविनाश यादव अपनी टीम के सदस्य मानस के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने सबसे पहले आसपास मौजूद कर्मचारियों को सुरक्षित दूरी पर हटाया।

इसके बाद रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक कोबरा को पकड़ने की प्रक्रिया शुरू की। काफी मशक्कत के बाद अविनाश यादव और मानस ने सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

रेस्क्यू के दौरान कोबरा को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया गया। सांप के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली और पूजा कार्यक्रम दोबारा शुरू किया गया।

Spread the word