NCR में ‘पार्किंग की जंग’ ले रही जान, गाड़ी खड़ी करने को लेकर रोज टकराव; गुरुग्राम-दिल्ली में बढ़े विवाद

गुरुग्राम। गुरुग्राम, दिल्ली समेत एनसीआर में पार्किंग अब सिर्फ जगह की कमी नहीं, बल्कि जानलेवा विवाद की वजह बन गई है। गुरुग्राम, दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद की कालोनियों से लेकर हाई-राइज सोसाइटियों तक हर जगह एक ही तस्वीर है, एक-एक घर में दो से तीन और चार तक गाड़ियां हैं, लेकिन खड़ी करने की जगह एक की भी नहीं। नतीजा, गाली-गलौज, मारपीट और अब हत्या तक।

ताजा मामला गुरुग्राम का है, जहां 10 सितंबर को सेक्टर-65 स्थित मैग्नम ग्लोबल पार्क में रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता पर पार्किंग विवाद में लोहे की राड से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें उनके सिर और हाथ में गंभीर चोट आई।

गुरुग्राम में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी पार्किंग को लेकर बड़ी-बड़ी घटनाएं होती आई हैं। आज बड़ी-बड़ी सोसाइटियों में भी कार पार्किंग को लेकर रोज झगड़े होते हैं।

कई बार मकान मालिक अपनी गाड़ी दूसरे के नाम अलाट पार्किंग में लगा देते हैं तो कहीं मेहमान की गाड़ी खड़ी करने पर भी विवाद हो जाता है। किराएदार और मकान मालिक, पड़ोसी-पड़ोसी और दुकानदार-दुकानदार में पार्किंग ही झगड़े की सबसे बड़ी वजह बन रही है।

पुराने, नए शहर और खेड़कीदौला में पार्किंग के नाम पर रोज जंग

गुरुग्राम के नए इलाकों में तो पार्किंग की लड़ाई सोसाइटी और माल तक सीमित है, लेकिन पुराने शहर और खेड़कीदौला क्षेत्र में हालात और भी खराब हैं। पुराने शहर की गलियां इतनी संकरी हैं कि वहां से गाड़ी निकलना ही मुश्किल है, खड़ी करना तो दूर की बात है।

Spread the word