बिलासपुर हिंसा मामले में फरार आरोपी सोहेल खान ने किया सरेंडर, पुलिस ने हिरासत में लिया

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद पथराव और हिंसा के मामले में फरार चल रहे आरोपी और आदतन बदमाश सोहेल खान ने मंगलवार शाम पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। सरेंडर के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सोहेल खान ने खुद पर लगे आरोपों को खारिज करते हुए पुलिस पर उसे झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया है। उसका दावा है कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद ही नहीं था। सोहेल ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी उसे आत्महत्या के एक मामले में गलत तरीके से फंसाया गया था।

पथराव में TI समेत 9 पुलिसकर्मी घायल

विवाद के दौरान हुए पथराव में TI समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 लागू की गई है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

चार आरोपी गिरफ्तार, निकाला गया जुलूस

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें सोहेल खान, अरबाज खान समेत दो अन्य आरोपी शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का सिटी कोतवाली से सदर बाजार तक जुलूस निकाला।

वहीं, मामले में ठाकुर राम सिंह की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि हिंसा में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Spread the word