तनेरा व बरदापखना में दंतैल हाथी ने फिर ढहाया मकान

कोरबा 02 सितंबर। कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज में दंतैल हाथी का आतंक लगातार जारी है। यहां के तनेरा-लैंगा क्षेत्र में 14 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। जिसमें एक उत्पाती दंतैल भी शामिल है। बताया जाता है कि यह दंतैल दिन भी झूंड के साथ रहता है। शाम होते ही वह अलग हो जाता है और गांव में पहुंचकर उत्पात मचाने लगता है। इस दौरान फसल को तहस नहस करने के साथ ही ग्रामीणों के घरों को निशाना बनाते हुए उसे ढहा देता है।
बीती रात यह दंतैल एक बार फिर झूंड से अलग हुआ और तनेरा गांव की बस्ती में पहुंचकर एक ग्रामीण महिला की कच्चे मकान को ढहा दिया। इस दौरान महिला अपने घर पर थी। किसी तरह छूपकर जान बचाई और गांव वालों को सूचना दी। जिस पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दंतैल को भगाया। जिस पर दंतैल ने जंगल का रूख किया। बाद में यह दंतैल क्षेत्र में स्थित बरदा पखना भी पहुंच गया और गांव के किनारे एक घर को निशाना बनाते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया। पीडित ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर वन अमला आज सुबह गांव पहुंचा और रात में हाथी द्वारा किए गए नुकसानी का आंकलन करने के साथ रिपोर्ट तैयार की। उधर एतमा नगर रेंज के पचरा में मौजूद 20 हाथियों का दल अपना लोकेशन बदलते हुए जटगा रेंज पहुंच गया और वहां के बासीन जंगल में डेरा डाल दिया है। एतमा नगर रेंज के ही मड़ई क्षेत्र में विचरणरत 18 हाथियों के दल ने बीती रात अन्यत्र का रूख किया और केंदई रेंज के कांका नवापारा पहुंचकर वहां के जंगल में विश्राम करने लगा है। वहीं केंदई रेंज के कोरबी सर्कि ल में सक्रिय लोनर हाथी मड़ई क्षेत्र में पहुंच गया है। हाथियों की निगरानी वन विभाग द्वारा की जा रही है।
