डीएव्ही स्कूल के खिलाड़ियों ने एरोबिक्स, कबड्डी सहित कई खेलों में दिखाया कौशल, जीते पुरस्कार

कोरबा 01 सितंबर। डीएव्ही पब्लिक स्कूल कुसमुंडा में दो दिवसीय राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। डीएव्ही संगठन के निर्देशन और स्थानीय प्रबंधकारिणी समिति के सतत सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ जोन के विभिन्न डीएव्ही विद्यालयों से पहुंचे 1110 प्रतिभागियों ने विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विद्यालय के प्राचार्य चंद्रमोहन पाण्डेय के कुशल नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, ऊंची कूद, लंबी कूद, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, एरोबिक्स, स्केटिंग और शतरंज सहित कई खेलों के मुकाबले हुए। खिलाडियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के संचालन में निर्णायकगण, शिक्षक एवं कोच की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय के समस्त स्टाफ ने खिलाडियों और उनके अभिभावकों के आवास एवं अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी तय की। प्रतियोगिता में क्लस्टर-1 ने ओवरऑल चौंपियन का खिताब अपने नाम किया। क्लस्टर-7 दूसरे और क्लस्टर-2 तीसरे स्थान पर रहा। विजेता खिलाडियों और टीमों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्य चंद्रमोहन पाण्डेय ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Spread the word