अंतिम सोमवार को महाभोग भंडारा कार्यक्रम आयोजित

कोरबा 27 अगस्त। कुसमुंडा क्षेत्र के इमलीछापर में श्रावण मास के अंतिम सोमवार के अवसर पर कुसमुंडा प्रेस क्लब द्वारा महाभोग भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के नगरवासियों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे एवं श्रद्धालु पहुंचे और भगवान का प्रसाद ग्रहण किया।
भोग वितरण के दौरान आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। श्रावण मास के अंतिम सोमवार के चलते पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्सव और भक्तिमय माहौल बना रहा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर के अध्यक्ष अमरीक सिंह रिंकू, कुसमुंडा प्रेस क्लब के संरक्षक राजू चंद्र, अध्यक्ष नागेंद्र विश्वकर्मा, सचिव कुलदीप मिरी, कार्यकारिणी सदस्य चित्रसेन नाहक सहित संगठन के अन्य सदस्य मौजूद रहे। आसपास के स्कूलों के बच्चे भी बड़ी संख्या में पहुंचे और प्रसाद ग्रहण किया। कुसमुंडा प्रेस क्लब द्वारा आयोजित इस सेवा एवं धार्मिक कार्यक्रम की क्षेत्रवासियों ने सराहना की।
