जन्माष्टमी से पहले निकलेगी भव्य शोभा यात्रा, सर्व यादव समाज ने बनाई योजना

कोरबा 27 अगस्त। कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव के पूर्व दिवस 3 सितंबर को सर्व यादव समाज, जिला कोरबा के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा एवं रैली का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर कुसमुंडा क्षेत्र के विकास नगर में योजना बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक-6 विनोद यादव के संयोजन तथा प्रदेश संरक्षक कमलेश यादव के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
बैठक में युवा जिला अध्यक्ष रंजू यादव ने कार्यक्रम की रूपरेखा विस्तार से प्रस्तुत की। जिला कार्यकारी अध्यक्ष सुखीराम यादव ने सभी यादव बंधुओं से तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की। प्रदेश महामंत्री संतोष यादव ने ऐतिहासिक एवं पौराणिक कथाओं के माध्यम से समाज के योगदान पर प्रकाश डालते हुए एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। जिला पंचायत सदस्य विनोद यादव ने सभी समाजजनों से अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा एवं रैली में शामिल होने का आग्रह किया।
प्रदेश संरक्षक कमलेश यादव ने समाज को विभाजित करने के प्रयासों को नाकाम करने और एकजुटता का परिचय देते हुए कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने की अपील की। उन्होंने ‘एक यादव, एक माधव’ के संदेश को चरितार्थ करने का आह्वान किया। बैठक में हीरालाल यादव, प्रभु यादव, रघुनंदन यादव, राधेलाल यादव, महेंद्र यादव, एल्डरमैन देवनारायण यादव, भरत यादव, कन्हैया यादव एवं माधुरी यादव सहित समाज के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
