संस्कार भारती ने धूमधाम से मनाया सावन महोत्सव, सोनवानी बनीं ‘सावन क्वीन

कोरबा 25 अगस्त। संस्कार भारती संयोजन समिति कटघोरा के तत्वावधान में सावन के पावन अवसर पर सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। इस आयोजन में समिति की लगभग 70 महिलाओं एवं बच्चों ने सहभागिता कर विभिन्न खेलकूद, प्रतियोगिताओं और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं।

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि मारवाड़ी समाज की अध्यक्ष निर्मला बंसल तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती गंगा कौशिक भूअलंकरण विद्या प्रमुख एवं संयोजक श्रीमती हेमलता सिदार, नगर संयोजन समिति कटघोरा) की अध्यक्षता में नटराज पूजन, भारत माता की आरती, दीप प्रज्वलन, ध्येय गीत के समवेत गायन और श्रीमती हेमलता सिदार के स्वागत उद्बोधन के साथ हुआ।

मुख्य अतिथि निर्मला बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता से समाज में एकजुटता की प्रेरणा मिलती है। धार्मिक चिह्नों, खेलकूद और पारंपरिक संस्कारों से जुड़े ये आयोजन मन को शांति प्रदान करते हैं तथा हमें अपनी जड़ों व संस्कृति को निकटता से जानने का अवसर देते हैं। महोत्सव का मुख्य आकर्षण भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत रही, जहाँ समिति की महिला सदस्यों ने देश के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर लोक नृत्य प्रस्तुत किए और ‘विविधता में एकता’ की जीवंत मिसाल पेश की। इसके अतिरिक्त भक्तिमय भजन गायन, एकल नृत्य और ऊर्जावान सामूहिक नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

महोत्सव के दौरान कई मनोरंजक एवं पारंपरिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें महिलाओं ने बढ़-चढकर भाग लिया। प्रतियोगिताओं के परिणामों में चम्मच दौड़ में श्रीमती शांति अग्रवाल, कुर्सी दौड़ में श्रीमती रश्मि अस्नानी एवं श्रीमती शांति बड़ा, रंगोली प्रतियोगिता में श्रीमती विनीता दुबे, मेहंदी प्रतियोगिता में श्रीमती गीता साहू तथा सावन की थाली गेम में श्रीमती रूपा साहू विजेता रहीं।

महोत्सव की बहुप्रतीक्षित ‘सावन क्वीन’ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा व परिधान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसमें धारा सोनवानी ने ‘सावन क्वीन’ का खिताब जीता। प्रतियोगिता में गीता साहू प्रथम रनर-अप तथा सविता सोनी द्वितीय रनर-अप रहीं। समिति द्वारा सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सामाजिक एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए आयोजन के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं बच्चों के बीच पौधों का वितरण किया गया तथा प्रकृति संवर्धन का संकल्प दिलाया गया।

Spread the word