अस्पताल के बाथरूम में मानव भू्रण मिलने से मची खलबलीः पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी

कोरबा 25 अगस्त। जिले में रानी धनराज कुंवर अस्पताल के बाथरूम में सोमवार को मानव भू्रण मिला है। पुराने बस स्टैंड स्थित अस्पताल में सफाई के दौरान कर्मचारी को भू्रण मिला। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
सफाई कर्मचारी पी. चिना के मुताबिक सोमवार सुबह वह अस्पताल के बाथरूम की सफाई करने पहुंचा था। वहां तेज बदबू आ रही थी। अंदर जाकर देखने पर उसे भू्रण पड़ा मिला। उसने तुरंत इसकी जानकारी अपने सुपरवाइजर पवन कुमार साहू को दी। सफाई कर्मचारी का आरोप है कि सुपरवाइजर ने उसे भू्रण को पन्नी में पैक कर अस्पताल की छत पर रखने के लिए कहा।
सफाई कर्मचारी के मुताबिक, सुपरवाइजर ने उससे बाथरूम साफ करने के लिए कहा और बताया कि डॉक्टर और मरीज आने वाले हैं। उसका कहना है कि उसे यह जानकारी नहीं थी कि मामले में पुलिस को सूचना देना जरूरी है और भू्रण को इस तरह हटाना जांच को प्रभावित कर सकता है। बाद में अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मौके का पंचनामा किया। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। भू्रण का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। इसके अलावा ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि भू्रण अस्पताल के बाथरूम तक कैसे पहुंचा, उसे वहां कब छोड़ा गया और इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं। जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
