पॉश कॉलोनी में बड़ी चोरीः सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों के सामान पर हाथ साफ, सीसीटीवी खराब

कोरबा 24 अगस्त। शहर की पॉश कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। घंटाघर-बुधवारी मार्ग स्थित पावर हाइट्स कॉलोनी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए कुंडी तोड़कर घर में प्रवेश किया और कमरे व अलमारी को खंगालकर सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पावर हाइट्स कॉलोनी के मून ब्लॉक में विशाल गुप्ता के मकान में चोरी हुई है। विशाल गुप्ता बालको प्लांट में नियोजित एलआईपीएल ठेका कंपनी में अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार रात उनके एक रिश्तेदार के निधन की सूचना मिली थी। इसके बाद विशाल गुप्ता अपने मकान में ताला लगाकर वहां से रवाना हो गए। वह फिलहाल किराए के दूसरे मकान में रह रहे हैं। उनके घर से निकलने के कुछ ही घंटों के भीतर चोरों ने सूने मकान को निशाना बना लिया।
चोरों ने मकान की कुंडी तोड़ी और अंदर दाखिल हुए। इसके बाद कमरों और अलमारी को खंगाला गया। चोर घर में रखे सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। चोरी हुए सामान और उसकी कुल कीमत का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो उनके खराब होने की बात सामने आई। पॉश कॉलोनी में सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी के बावजूद चोरी की वारदात होने से रहवासियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि सीसीटीवी कैमरे खराब होने के कारण चोरों की गतिविधियों की निगरानी नहीं हो सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। चोरी की इस वारदात से कोरबा की पॉश कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
