ड्रोन-मिसाइलें शांत, अब यूएस और ईरान के बीच ‘साइलेंट वार’

ईरान की घेरेबंदी के बीच अमरीका में साइबर हमले

तेहरान/वाशिंगटन. अमरीका-ईरान के बीच सैन्य कार्रवाई भले ही थम गई हो, लेकिन एक ‘साइलेंट वार’ जारी है। इस जंग में ड्रोन, बम, मिसाइल का इस्तेमाल नहीं हो रहा बल्कि इकोनामी और साइबर स्पेस इसके मुख्य निशाने है। अमरीका ने ईरान की समुद्री नाकेबंदी की हुई है। साथ ही सख्त आर्थिक प्रतिबंध लगाता जा रहा है। इससे ईरान के सहयोगी देश भी अछूते नहीं है। वहीं दूसरी ओर ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को इस युद्ध का चोकपॉइंट बनाने के साथ ही साइबर स्पेस में जंग शुरू की है। ईरान ने अमरीका और इजराइली प्रणालियों पर साइबर हमले कर संवेदनशील डेटा चुराया है। साथ ही मिनेसोटा राज्य की 30 प्रणालियों पर हमले किए। जुलाई से अब तक 12 अमरीकी राज्यों में नागरिक सुविधाओं को निशाना बनाया गया है।

युद्ध खत्म करना बेहतरः पेजेश्कियन…

ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने तेहरान में कहा कि अब युद्ध को समाप्त करना बेहतर है, क्योंकि ईरान मजबूत और सम्मान की स्थिति में – है। पूरी दुनिया हमारी जीत को स्वीकार कर रही है।

ईरान-अमरीका कैसे लड़ रहे नया युद्ध

अमरीका-इजराइल के ईरान पर पहले हमले के साथ ही ईरान की समाचार वेबसाइटों, प्रार्थना एप, टीवी प्रसारण पर साइबर हमले हुए थे। इसके बाद ईरान ने देशव्यापी इंटरनेट ब्लैकआउट कर दिया

क्या एआई से बढ़ेंगे साइबर हमले ?

साइबर वारफेयर के विशेषज्ञों के अनुसार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कारण अब साइबर हमलों को तेज करने की क्षमता बढ़ गई है। इससे हमलों की गति और संख्या के साथ नेटवर्क पर हैकर्स का प्रभाव बढ़ सकता है।

साइबर वॉरफेयर में ईरान कहां?

ईरान ने 2010 में ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े औद्योगिक सिस्टम्स पर साइबर हमले के बाद इस पर ध्यान दिया। ईरान से जुड़े समूहों ने भी साइबर हमले किए। रिपोर्ट के मुताबिक, 2013 से 2017 के बीच 144 अमरीकी संस्थानों व 42 कंपनियों पर साइबर हमले हुए।

क्या है ईरान की आगे की रणनीति ?

जुलाई में आई एक रिपोर्ट के अनुसार ईरानी साइबर ऑपरेटरों ने मोबाइल नेटवर्क में इस्तेमाल होने वाले पुराने सिग्रलिंग प्रोटोकॉल की कमजोरियों का लाभ उठा कर अमरीकी सैन्यकर्मियों की लोकेशन पता लगाने का प्रयास किया था।

होर्मुज से निकलेंगे इराकी तेल टैंकर

ईरान ने बगदाद के लगातार अनुरोध के बाद होर्मुज जलमार्ग से उसके तेल टैंकरों को गुजरने की विशेष अनुमति दे दी है।

Spread the word