कबाड़ी की गाड़ी से 5 जिंदा कारतूस और पुरानी पिस्टल बरामद, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

कोरबा 23 अगस्त। जिले में कबाड़ के अवैध कारोबार के बीच हथियारों का कनेक्शन सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने कबाड़ी प्रहलाद साहू के पास से पांच जिंदा कारतूस और एक पुरानी जंग लगी पिस्टल बरामद की है। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद कबाड़ कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
मामले की जानकारी देते हुए कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कबाड़ी प्रहलाद साहू की कबाड़ से भरी गाड़ी में जिंदा कारतूस और पिस्टल रखी हुई है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को कबाड़ के सामान के बीच पांच जिंदा राउंड और एक पुरानी जंग लगी पिस्टल मिली। पुलिस ने तत्काल हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि ये हथियार और कारतूस कबाड़ में कहां से पहुंचे और इन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, कबाड़ से संबंधित सामान को लेकर बीएनएसएस की धारा 106 के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और आरोपी के संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई के बाद जिले में संचालित कबाड़ कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास संचालित कबाड़ दुकानों की नियमित जांच की जरूरत है। कोरबा में एनटीपीसी, बालको और एसईसीएल जैसे बड़े औद्योगिक क्षेत्रों से निकलने वाले स्क्रैप की चोरी और अवैध खरीद-बिक्री को लेकर पहले भी कार्रवाई होती रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस आरोपी तक कैसे पहुंचे, क्या वह किसी बड़े कबाड़ नेटवर्क से जुड़ा है और इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
