महिला झपटमार गिरोह के चोरी के सोने का खरीदार सोनार गिरफ्तार, 67 ग्राम गलाया हुआ सोना बरामद

कोरबा। कोरबा जिले में बसों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं से सोने की चेन और मंगलसूत्र झपटने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में रतनपुर पुलिस ने चोरी का सोना खरीदने के आरोप में कटघोरा के एक सोनार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 67 ग्राम यानी लगभग 7 तोला गलाया हुआ सोना बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतम दुबे (35), निवासी मोहलाईनभाठा, कटघोरा, जिला कोरबा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

महिला झपटमार गैंग से जुड़ा है मामला

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई उस महिला झपटमार गिरोह से जुड़ी है, जिसे कुछ दिन पहले एक यात्री बस को रुकवाकर पकड़ा गया था। आरोप है कि गिरोह की महिलाएं बसों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यात्रियों को निशाना बनाकर सोने की चेन और मंगलसूत्र झपटती थीं।

रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की। इसी दौरान कथित तौर पर चोरी के सोने के खरीदार के रूप में कटघोरा निवासी गौतम दुबे का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

67 ग्राम गलाया हुआ सोना जब्त

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर गिरोह से करीब 7 तोला चोरी का सोना खरीदने और उसे गलाकर रखने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 67 ग्राम गलाया हुआ सोना बरामद किया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इससे पहले भी चोरी का सोना खरीदा था या नहीं और इस पूरे नेटवर्क में उसके साथ अन्य लोग भी जुड़े हैं या नहीं।

कोरबा की वारदातों को लेकर भी उठे सवाल

महिला झपटमार गिरोह की गिरफ्तारी के बाद कोरबा में हुई कथित चेन और मंगलसूत्र झपटमारी की घटनाओं को लेकर भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि गिरोह के सदस्यों पर कोरबा में भी ऐसी वारदातों में शामिल होने का संदेह था।

अब रतनपुर पुलिस की जांच का दायरा बढ़ाते हुए यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद सोना किन वारदातों से जुड़ा है और चोरी के आभूषणों की खरीद-फरोख्त का नेटवर्क कितना बड़ा है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय और प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका बताई गई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Spread the word