रुकी पेंशन खाते में आई पूर्व कर्मियों का छलका दर्द, श्रमिक नेता के प्रयास से खत्म हुई परेशानी

कोरबा 19 अगस्त। अज्ञात कारण से साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा दो कर्मचारी की पेंशन रोक दी गईं जिससे उनके सामने आर्थिक परेशानी पैदा हो गई। एक दशक के बाद इन महिला कर्मियों की परेशानी खत्म हुई। खाते में लंबित राशि आने और सुविधा बाहर होने पर महिलाओं की आंखें सजल हो उठी।

साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की दीपका परियोजना में असिस्टेंट जनरल के पद पर कार्यरत श्रीमति गणेश कुंवर की पेंशन वर्ष 2012 से बंद थी। वहीं राम बाई की पेंशन वर्ष 2019 से लंबित थी। लंबे समय से पेंशन नहीं मिलने के कारण दोनों महिलाएं आर्थिक परेशानियों का सामना कर रही थीं। पेंशन प्रकरण के निराकरण के लिए एटक श्रमिक संगठन के सचिव विनोद कुमार यादव ने प्रयास किया। दीपका क्षेत्र के स्टाफ ऑफिसर एचआर किल्ली प्रसाद ने संबंधित कारणों को जाना। सयुक्त प्रयासों के बाद दोनों महिलाओं की पेंशन पुनर: चालू हो गई और लंबित राशि उनके बैंक खातों में प्राप्त हुई। जिससे दोनों महिलाओं ने खुशी जताई । महिला कर्मचारी गणेश कुंवर ने कहा कि पेंशन बंद होने के कारण उनका पूरा परिवार काफी परेशान था। वर्षों बाद लंबित पेंशन मिलने से परिवार को बड़ी राहत मिली है।

Spread the word