फुटपाथ पर चढ़ी तेज रफ्तार कार, हादसे के बाद कपल का KISS VIDEO वायरल; 2 हजार का चालान

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तेज रफ्तार कार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार पहले ऑटो से टकराई और इसके बाद लहराते हुए दुकान के पास फुटपाथ पर जा चढ़ी। हादसे के दौरान वहां मौजूद कई लोग बाल-बाल बच गए। टक्कर से कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद कार में सवार युवक-युवती का एक-दूसरे को किस करते हुए वीडियो भी सामने आया है। स्थानीय लोगों ने जब कार सवारों का विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और लोगों ने कार सवारों की पिटाई कर दी।
तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि घटना करीब तीन दिन पहले की है। बारिश के दौरान सिरगिट्टी क्षेत्र की मेन रोड पर कुछ लड़के-लड़कियां कार से घूम रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी।
इसी दौरान चालक ने कार को लहराते हुए चलाया और वाहन दुकान के पास फुटपाथ पर चढ़ गया। कार ने वहां टक्कर भी मारी। अचानक हुए हादसे से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई।
हादसे के बाद कपल का वीडियो वायरल
हादसे के बाद कार के अंदर बैठे युवक-युवती का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दोनों ड्राइवर और को-ड्राइवर सीट के पास एक-दूसरे को किस करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कार सवारों के नशे में होने का दावा किया है। हालांकि, नशे की स्थिति और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के आधार पर ही होगी।
विरोध करने पर लोगों से हुआ विवाद
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने कार सवार युवक से हादसे को लेकर सवाल किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि कार सवारों ने लोगों के साथ दबंगई दिखाई, जिसके बाद गुस्साए लोगों ने कार सवारों की पिटाई कर दी। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कार चालक के नाबालिग होने की बात
बताया जा रहा है कि कार चला रहा युवक नाबालिग था। उसके साथ एक लड़की और कुछ अन्य दोस्त भी कार में मौजूद थे। हालांकि, चालक की उम्र समेत मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस से होना बाकी है।
