गेवरा में सीबीएसई की जिला स्तरीय एआई परिचर्चा

कोरबा। डीएवी पब्लिक स्कूल गेवरा के तत्वावधान में सीबीएसई के मार्गदर्शन में कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय पर जिला स्तरीय विचार-विमर्श कार्यक्रम रिक्रिएशन क्लब, गेवरा में आयोजित किया गया। कोरबा जिले के 10 सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों के 14 प्रस्तुतकर्ताओं एवं 26 प्रतिभागियों ने इसमें भाग लिया।
कार्यक्रम में सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर एवं इंडस पब्लिक स्कूल बतारी दीपका के प्राचार्य संजय गुप्ता, जिला समन्वयक एवं डीएवी पब्लिक स्कूल कोरबा की प्राचार्य चेतना शर्मा, सेंट थॉमस स्कूल दीपका के प्राचार्य रिकी एम. ओमन तथा डीएवी पब्लिक स्कूल गेवरा के प्राचार्य टी.पी. राव उपस्थित रहे। परिचर्चा में कम्प्यूटेशनल थिंकिंग आधारित शिक्षण, गणित एवं एआई का संबंध, वास्तविक जीवन में एआई का प्रयोग तथा एआई के नैतिक एवं जिम्मेदार उपयोग पर प्रतिभागियों ने विचार प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल में गौरव शर्मा, मोनिका राय एवं प्रह्लाद लहरे शामिल रहे। मंच संचालन श्रीमती शेट्टी कविता ने किया। प्राचार्य टी.पी. राव के मार्गदर्शन एवं समन्वयक श्रीमती संगीता सिंह के विशेष योगदान से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में श्रीमती संगीता सिंह ने अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया।
