सागौन तस्करी पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3 गोले लदी वेन जब्त: वाहन राजसात की तैयारी

कोरबा/पाली। कटघोरा वनमंडल के पाली वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने कीमती इमारती लकड़ी की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन मोटे सागौन के गोलों से लदी एक वेन को जब्त किया है। वन अमले ने यह कार्रवाई रात्रि गश्त के दौरान घुईचुंवा के पास की। मामले में वाहन को राजसात करने की कार्रवाई की जा रही है।

रात्रि गश्त के दौरान पकड़ में आई वेन

पाली परिक्षेत्राधिकारी योगेश्वर बंजारे के अनुसार, वन अमला बारीउमराव-घुईचुंवा मुख्य मार्ग पर रात में गश्त कर रहा था। इसी दौरान घुईचुंवा के समीप एक सफेद रंग की वेन संदिग्ध रूप से लकड़ी ले जाते हुए दिखाई दी।

वन कर्मियों ने वाहन क्रमांक CG 12 AP 5863 को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान वेन के अंदर कीमती इमारती सागौन के तीन मोटे गोले पाए गए।

वन अमले ने तत्काल वाहन और लकड़ी को जब्त कर लिया। चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन राजसात करने के लिए प्रकरण से संबंधित दस्तावेज उच्च अधिकारियों को भेजे गए हैं।

15 हजार रुपये की बताई गई सागौन की कीमत

वन विभाग के अनुसार, जब्त किए गए सागौन के गोलों की कुल मात्रा करीब 0.200 घन मीटर है। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 हजार रुपये आंकी गई है।

वन विभाग अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है।

वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

पाली वन परिक्षेत्राधिकारी योगेश्वर बंजारे ने कहा कि जंगल और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ वन कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Spread the word