खेलते-खेलते 10 साल की बच्ची के गले में फंसा गमछा, दम घुटने से मौतय परिवार में मचा कोहराम

कोरबा 04 अगस्त। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बालको थाना क्षेत्र के सतनाम नगर में खेलते समय 10 साल की मासूम बच्ची के गले में गमछा फंस गया। दम घुटने से उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन तत्काल बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक, मृत बच्ची की पहचान 10 वर्षीय रोमा राज के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली थी। फिलहाल उसका परिवार बालको के सतनाम नगर में रह रहा था। रोमा कक्षा तीसरी में पढ़ती थी और उसका एक छोटा भाई भी है। परिजनों के अनुसार, घटना के वक्त रोमा घर में अपने छोटे भाई के साथ खेल रही थी। इसी दौरान उसने गमछे को ऊपर की ओर बांधा और उसमें अपना सिर डालने का प्रयास किया। परिजनों ने बताया कि रोमा पहले भी छोटे भाई को हंसाने के लिए इसी तरह गमछे में सिर फंसाकर मजाक करती थी। लेकिन इस बार स्थिति अचानक गंभीर हो गई।

बताया जा रहा है कि खेलते समय गमछा अचानक बच्ची के गले में कस गया। इससे उसका दम घुटने लगा। जब तक परिजनों को घटना की जानकारी हुई और उन्होंने बच्ची को बचाने का प्रयास किया, तब तक उसकी हालत काफी गंभीर हो चुकी थी। परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। 10 साल की मासूम की अचानक मौत से परिवार सदमे में है। बच्ची की मौत की खबर से आसपास के इलाके में भी शोक का माहौल है।

Spread the word