कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) का बड़ा फैसलाः गेवरा-दीपका समेत 7 समितियां भंग, अंतरिम समिति गठित

कोरबा 21 जुलाई। कोयला मजदूर सभा (एच.एम.एस.) ने संगठनात्मक अनुशासन और एकता बनाए रखने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। संगठन ने गेवरा, दीपका और सी.ई.डब्ल्यू.एस. गेवरा सहित कुल सात समितियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। साथ ही संगठन के सुचारु संचालन के लिए एक अंतरिम समिति का गठन किया गया है।

संगठन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कुछ पदाधिकारियों की गतिविधियां संगठन की एकता, अनुशासन और संगठनात्मक सुदृढ़ता के प्रतिकूल पाई गईं, जिससे संगठन के हित प्रभावित हुए। इसी आधार पर कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) के संविधान की धारा 23 (थ) के तहत यह कार्रवाई की गई है।

इन समितियों को किया गया भंगः-
एचएमएस ने जिन समितियों को तत्काल प्रभाव से भंग किया है, उनमें शामिल हैं-
गेवरा क्षेत्रीय समिति
दीपका क्षेत्रीय समिति
सी.ई.डब्ल्यू.एस. गेवरा क्षेत्रीय समिति
गेवरा परियोजना शाखा समिति
गेवरा क्षेत्र शाखा समिति
दीपका परियोजना शाखा समिति
दीपका क्षेत्र शाखा समिति
सभी प्रशासनिक और वित्तीय अधिकार समाप्त
आदेश के अनुसार, भंग की गई समितियों के सभी पूर्व पदाधिकारियों के प्रशासनिक, वित्तीय और बैंकिंग अधिकार तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिए गए हैं।
अब कोई भी पूर्व पदाधिकारी संगठन के बैंक खातों का संचालन, चेक जारी करने, ऑनलाइन बैंकिंग या किसी भी प्रकार के वित्तीय लेन-देन का अधिकार नहीं रखेगा। आदेश के बाद यदि कोई वित्तीय लेन-देन किया जाता है तो उसे पूरी तरह अनधिकृत माना जाएगा और उसकी व्यक्तिगत एवं कानूनी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।

अंतरिम समिति का गठन
संगठन ने नई अंतरिम समिति का गठन करते हुए श्री केदार नाथ अग्रवाल (कार्यकारी अध्यक्ष एवं प्रभारी, कोरबा संभाग) को संयोजक बनाया है। समिति में गिरिजा साहू, सुरेन्द्र मिश्रा, अशोक साहू, शिव कुमार, राजेश सिंह, आर.एस. तिवारी, दीपक कुमार दुबे, वीरेंद्र कुमार राठौर, अनुराग बेहरा, बसंत कुमार साहू, मिठुलाल साहू, नंद कुमार राठौर और श्रीमती श्यामता साहू को सदस्य बनाया गया है।

तदर्थ समितियों के गठन की जिम्मेदारी
नवगठित अंतरिम समिति संबंधित क्षेत्रों और परियोजनाओं की संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा करेगी तथा आवश्यक विचार-विमर्श के बाद तदर्थ समितियों के गठन के लिए नामों की अनुशंसा करेगी। नियमित चुनाव होने तक यही तदर्थ समितियां संगठन का कार्यभार संभालेंगी। संगठन ने सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और कार्यकर्ताओं से नए आदेश का पालन करने तथा अंतरिम समिति को पूर्ण सहयोग देने की अपील की है।

Spread the word