नारायणपुर में नक्सलियों के मंसूबों पर बड़ा प्रहार, जंगल से हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया गया

बीएसएफ की सर्चिंग में जमीन के भीतर छिपा नक्सली डंप मिला; राइफल, संचार उपकरण, आईईडी सामग्री और वर्दी बरामद

नारायणपुर। नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को नारायणपुर जिले में बड़ी सफलता मिली है। जिले को नक्सल मुक्त घोषित किए जाने के बाद भी जारी सघन सर्चिंग अभियान के दौरान बीएसएफ की 133वीं वाहिनी ने ग्राम कदेर के जंगल से नक्सलियों द्वारा जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया हथियारों और अन्य सामग्रियों का बड़ा जखीरा बरामद किया है।बीएसएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कदेर के जंगल में नक्सलियों ने हथियार और अन्य सामान छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर जवानों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान जमीन में दबाकर रखा गया नक्सली डंप बरामद किया गया।बरामद सामग्री में एक .303 राइफल, छह .315 राइफल, एक 12 बोर बंदूक, कारतूस, हथियारों की मैगजीन, संचार उपकरण, जीपीएस, आरएफ डिटेक्टर, आईईडी बनाने से जुड़ी सामग्री, नक्सली वर्दी, बैनर, साहित्य, चिकित्सा सामग्री, पेन ड्राइव और मेमोरी कार्ड सहित कई अन्य सामान शामिल हैं।सुरक्षा की दृष्टि से बरामद 44 बीजीएल शेल (24 बड़े और 20 छोटे) को मौके पर ही बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। सुरक्षा कारणों से इन्हें जब्ती सूची में शामिल नहीं किया गया।

नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद हथियारों और अन्य सामग्री के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षाबलों का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री को बरामद कर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

Spread the word