डॉक्टर की फ्लैट में हत्या, 8 वर्षीय बेटे पर भी चाकू से हमला; पत्नी से पुलिस कर रही पूछताछ

धारवाड़। कर्नाटक के धारवाड़ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. किरण होन्नावर (45) की उनके फ्लैट में चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उनके 8 वर्षीय बेटे पर भी जानलेवा हमला किया गया। घायल बच्चे का निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना के बाद सामने आए वीडियो और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी डॉ. प्रियंका को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
परिजनों को जवाब देती रहीं पत्नी
जानकारी के मुताबिक, पूरे दिन डॉ. किरण से संपर्क नहीं होने पर उनके परिजन चिंतित हो गए। पुलिस के अनुसार, जब परिजनों ने डॉ. प्रियंका से संपर्क किया तो उन्होंने पहले बताया कि उनके पति आराम कर रहे हैं, बाद में कहा कि वे बाहर गए हैं।
शाम तक भी संपर्क नहीं होने पर परिजन फ्लैट पहुंचे, जहां एक कमरे में डॉ. किरण खून से लथपथ मृत अवस्था में मिले। वहीं दूसरे कमरे में उनका बेटा गंभीर रूप से घायल पड़ा था। परिजन तत्काल बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे।
पत्नी पर लगाया हत्या का आरोप
डॉ. किरण के परिजनों ने उनकी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही फ्लैट से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
घटना के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
