स्पेन के जंगल की आग में 12 लोगों की मौत, 23 लोग लापता

स्पेन के दक्षिणी प्रांत अल्मेरिया में लगी भीषण जंगल की आग ने भारी तबाही मचाई है। इस आग को देश के इतिहास की सबसे विनाशकारी वाइल्डफायर घटनाओं में से एक माना जा रहा है। आग की चपेट में आने से अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 23 लोग लापता हैं और 8 गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। तेजी से फैलती लपटों के बीच प्रशासन ने बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

यूरोप में जारी भीषण गर्मी और लंबे सूखे ने जंगल की आग को और भयावह बना दिया है। कई लोगों के शव जली हुई कारों के अंदर मिले हैं। शुरुआती आशंका है कि लोग आग से बचने के लिए भाग रहे थे, लेकिन तेज़ी से फैलती लपटों ने उन्हें घेर लिया। कुछ लोगों ने सूखी नदी के रास्ते निकलने की कोशिश की, लेकिन वही रास्ता उनके लिए जानलेवा साबित हुआ। अधिकारियों का कहना है कि कई लोगों ने समय रहते सुरक्षित स्थान पर जाने की चेतावनी को भी नजरअंदाज कर दिया था।

स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। प्रशासन लापता लोगों की तलाश और मृतकों की पहचान में जुटा है। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में चार लोगों के ब्रिटिश नागरिक होने की आशंका है। आग पर अभी पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। करीब 150 दमकलकर्मी और स्पेन की मिलिट्री इमरजेंसी यूनिट के 220 जवान आग बुझाने में लगे हुए हैं। हालांकि ऊबड़-खाबड़ भूभाग, सूखी झाड़ियां, तेज हवाएं और लगातार पड़ रही हीटवेव राहत कार्य में बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। अल्मेरिया के लॉस गालार्डोस क्षेत्र के आसपास फैली यह आग उस इलाके तक पहुंच गई है, जहां फ्रांस, ब्रिटेन, बेल्जियम समेत कई देशों के नागरिक बड़ी संख्या में रहते हैं। यही वजह है कि इस त्रासदी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ा दी है।
