कोरबा के पंप हाउस में देर रात बवाल, CSEB चौकी के बाहर दो पक्षों का हाई-वोल्टेज हंगामा

कोरबा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पंप हाउस इलाके में शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर जमकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग सीधे CSEB पुलिस चौकी पहुंच गए, जहां देर रात तक हंगामा होता रहा। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत कथित तौर पर कुछ नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट की घटना से हुई। पीड़ित पक्ष शिकायत लेकर CSEB चौकी पहुंचा। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग भी बड़ी संख्या में चौकी के बाहर पहुंच गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति बन गई।

घटना से जुड़े वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण मामला हिंसक रूप ले बैठा।

इस बीच सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर यह भी दावा किया जा रहा है कि विवाद की पृष्ठभूमि में CSEB चौकी में अस्थायी रूप से कार्यरत एक व्यक्ति की भूमिका रही है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है, इसलिए इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना बाकी है।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Spread the word