बिजली कर्मियों का संयुक्त मोर्चा सक्रियः ओपीएस को लेकर क्षेत्रीय स्तर पर किया जाएगा आंदोलन

कोरबा 11 जुलाई। वर्ष 2004 के बाद नियुक्त विद्युत कर्मियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली की मांग अब निर्णायक चरण की ओर बढ़ रही है। इसी उद्देश्य से प्रदेश के 12 कर्मचारी व अधिकारी संगठनों ने एकजुट होकर विद्युत अधिकारी-कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली अधिकार मंच का गठन किया है, जिसके माध्यम से प्रदेशभर में संगठित व व्यापक जनआंदोलन की रणनीति पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। प्रांतीय स्तर पर लगातार बन रही रणनीतियों को अब क्षेत्रीय स्तर पर भी प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह कोरबा (पूर्व) में क्षेत्रीय मंच की बैठक आयोजित की गई। जिसमें आगामी आंदोलन की दिशा और कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में क्षेत्रीय स्तर पर व्यापक जन-जागरण व व्यक्तिगत जन-संपर्क अभियान चलाने की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। निर्णय लिया गया कि पुरानी पेंशन बहाली के महत्व व कर्मचारियों के भविष्य पर इसके प्रभाव को प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी तक पहुंचाने के लिए संगठित रूप से जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक कर्मचारियों को इस आंदोलन से जोड़ा जा सके। बैठक में अभियंता संघ, डॉक्टर्स एसोसिएशन, पत्रोत्पाधि संघ, फेडरेशन-01, जनता यूनियन, बीएमएस तथा इंटक-56 सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लेते हुए एकजुटता का परिचय दिया।
पुरानी पेंशन बहाली के लिए सामूहिक संघर्ष को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बैठक में प्रमुख रूप से विभिन्न संगठनों से पुष्पराज पटेल, राकेश चंद्रा, डॉ. जेपी सोनी, डॉ. अभिषेक रामटेके, आलोक शर्मा, ओमप्रकाश साहू, सरोज राठौर, संतोष सिंह, घनश्याम साहू, संदीप हलवाई, संदीप राठौर, प्रमोद राठौर, संजय दिव्य, अनिल श्रीवास, छगन ठाकुर, मनीष राठौर, केके विशाल, सागर देवांगन, देव निर्मलकर, भानु प्रताप बंजारे, टेक लाल पटेल व शंकर लाल उपस्थित रहे।
