घरेलू विवाद के बाद SECL के रिटायर्ड कर्मचारी की मौत, गांव में मिला शव

सूरजपुर। जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद के बाद घर से निकले एसईसीएल (SECL) के सेवानिवृत्त कर्मचारी का शव अगले दिन गांव में मिला। मृतक की पहचान 65 वर्षीय भारत यादव निवासी केशव नगर के रूप में हुई है। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने जहर सेवन की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भारत यादव एसईसीएल से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे और केशव नगर में अपने परिवार के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि घर में किसी छोटी सी बात को लेकर उनका विवाद हो गया था। विवाद के बाद वे नाराज होकर घर से बाहर निकल गए। परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। अगली सुबह गांव में उनका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बिश्रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भारत यादव का घर में कपड़े सुखाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात से नाराज होकर वे घर से निकल गए थे। हालांकि विवाद कितना गंभीर था और इसके बाद उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच पुलिस कर रही है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर शव के पास उल्टी के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया होगा। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक ने किसी मानसिक तनाव या अन्य परेशानी के चलते यह कदम उठाया था या नहीं।
