सीसी सड़क की गुणवत्ता पर जन प्रतिनिधियों ने जाहिर की नाराजगी

कोरबा 10 जुलाई। जिला प्रशासन के आंखों के सामने 1 करोड़ से अधिक के सीसी सडक कागज पर मजबूत, जमीन पर खोखली बन रही है। पाली ब्लाक मुख्यालय से सटे ग्राम केराझरिया स्थित एफसीआई गोदाम के पास से छिंदपारा होते हुए नगर के मुख्यमार्ग को जोडने वाले 2 किलोमीटर की इस एप्रोच सडक में ठेकेदार और विभागीय मिलीभगत से सरकारी खजाने की खुली लूट हो रही है, जिस पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कार्य की आवश्यक जांच कर गुणवत्तापरख निर्माण की मांग की है।

बारिश के मध्य चल रहे इस काम मे मानक नही, सिर्फ मनमानी चल रही है। सीसी रोड में अनिवार्य 43 ग्रेड ओपीसी की जगह 33 ग्रेड पीसीसी नुवोको व श्री सीमेंट निर्माण में लगाया जा रहा है, इसकी स्ट्रेंथ ही आधी है। वैध रेत की जगह आसपास के नदी- नालों से चोरी की अवैध रेत ट्रैक्टरों से लाकर डाली जा रही है, इससे सडक के एक मानसून भी झेल पाने पर संशय है। नियम कहता है पहले 6 इंच मुरुम, इसके ऊपर रोलर, फिर कांक्रीट और इसके ऊपर वाइब्रेटर। लेकिन यहां सीधे कच्ची जमीन पर सडक रूपी कांक्रीट बिछाया जा रहा है, जिसकी कोई बुनियाद ही नही।

दूसरी ओर 1 करोड़ से ऊपर के काम पर एक भी सूचना बोर्ड नही है, जनता को पता ही नही स्वीकृति कितनी, ठेकेदार कौन, निर्माण देखरेख का जिम्मा किसके भरोसे? वहीं ऐन बारिश में जल्दबाजी में निर्माण कराया जा रहा है, ताकि कोई झांकने न आ पाए और गड़बड़ी जारी रहे। आनन फानन में हो रहे इस निर्माण में सरकारी नियमों को ताक पर रखकर घटिया सामाग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है।

Spread the word