‘सजग कोरबा-सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत वांछित 67 आरोपी हुए गिरफ्तार

कोरबा 07 जुलाई। जिले में अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ कोरबा पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत 6 और 7 जुलाई को जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर कुल 67 वारंटियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कटघोरा) नीतीश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के तीनों अनुभागों के अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों ने लंबे समय से फरार वारंटियों की तलाश के लिए योजनाबद्ध अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने मुखबिर सूचना, लगातार पतासाजी और दबिश देकर विभिन्न स्थानों से आरोपियों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान 6 जुलाई को 6 स्थायी वारंटी एवं 32 गिरफ्तारी वारंटी, जबकि 7 जुलाई को 5 स्थायी वारंटी एवं 24 गिरफ्तारी वारंटी तामील किए गए। इस प्रकार दो दिनों में कुल 11 स्थायी वारंटी और 56 गिरफ्तारी वारंटी, यानी 67 वारंटियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार सभी वारंटी न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद लंबे समय से फरार चल रहे थे। लगातार निगरानी, सूचना संकलन और योजनाबद्ध कार्रवाई के बाद उनकी गिरफ्तारी संभव हो सकी।

Spread the word