
कोरबा 05 जुलाई। शहर के आरएसएस नगर से दादर नाला होते हुए मुख्य बस्ती तक जाने वाली सडक इन दिनों अपनी बदहाली के कारण लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। सडक पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं कि अब इसकी पहचान ही गड्ढों वाली सडक के रूप में होने लगी है। बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों के सामने यह समझ पाना मुश्किल हो जाता है कि सडक कहां है और गड्ढा कहां। ऐसे में हर सफर जोखिम भरा बन गया है।
यह समस्या केवल बारिश शुरू होने के बाद की नहीं है। पिछले कई महीनों से सडक लगातार जर्जर होती जा रही थी। स्थानीय नागरिकों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों ने समय-समय पर इसकी शिकायत नगर निगम और जिला प्रशासन से की। लोगों ने मांग की थी कि बारिश से पहले सडक की मरम्मत कराई जाए, ताकि आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने इस ओर कोई गंभीर पहल नहीं की। लगातार भारी वाहनों के आवागमन और रखरखाव के अभाव में सडक पूरी तरह टूट चुकी है। दादर नल के आगे का हिस्सा बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गया है।
बरसात के दौरान इनमें पानी भर जाने से सडक और अधिक खतरनाक हो गई है। आए दिन दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में फंसकर गिर रहे हैं, जिससे कई लोग घायल भी हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सडक की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कुछ समय पहले शहर की कई सडकों के निर्माण और मरम्मत के लिए भूमिपूजन किया गया था। इसी दौरान इस मार्ग के सुधार का भी आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक कार्य शुरू नहीं हो सका।
परिणामस्वरूप आरएसएस नगर, दादर और आसपास के क्षेत्रों की हजारों की आबादी रोजाना कठिनाइयों का सामना करने को मजबूर है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब शासन-प्रशासन सुशासन और बेहतर बुनियादी सुविधाओं के दावे कर रहा है, तब शहर के बीचोंबीच इस महत्वपूर्ण सडक की ऐसी दुर्दशा कई सवाल खड़े करती है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल सडक की मरम्मत कराने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके
