मुख्य सचिव से पहचान का झांसा देकर नौकरी दिलाने के नाम पर 25.50 लाख की ठगी, महिला गिरफ्तार

बालोद। जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाली एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला खुद को छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव का करीबी बताकर बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देती थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी लता धीवर (36), निवासी वार्ड क्रमांक-05, ने कृषि विभाग और जिला अस्पताल में नौकरी लगाने का भरोसा देकर कई लोगों से मोटी रकम वसूली। हाल ही में तीन पीड़ितों से उसने 5.50 लाख रुपये लिए थे। लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अब तक 7 लोगों से कुल 25 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर चुकी है। पुलिस के मुताबिक, ठगी की रकम आरोपी ने अपने एक साथी द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खाते में ट्रांसफर की थी। पुलिस अब उस बैंक खाते और फरार सहयोगी की तलाश कर रही है।

बालोद पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

Spread the word