2013 में अर्जित हुई खोड्डल की 143 एकड़ जमीन हुई पॉवर कंपनी की

राजस्व अमले ने किया सीमांकन की कार्रवाही,
कोरबा 30 जून। जिले की कोरबा तहसील के अंतर्गत खोड्डल गांव की जमीन का अर्जन व्यवसायिक प्रयोजन के लिए एक दशक पहले ही किया जा चुका था। संबंधित स्वामी को इसका स्वामित्व सौंपने की प्रक्रिया अब की जा रही है। इस कड़ी में आज यहां राजस्व अमले ने सीमांकन की कार्यवाही की। सुरक्षा कारणों से पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल लगाया गया था। इस दौरान सबकुछ शांतिपूर्ण तरीके से निपट गया।
सूत्रों के अनुसार पूर्ववर्ती लैंको अमरकंटक पॉवर प्रोजेक्ट के समय में इस जमीन की मांग की गई थी। वर्ष 2013 में उपरोक्तानुसार प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाते हुए प्रशासन ने भू-अर्जन का कार्य कर लिया था। व्यवहारिक कारणों से इसका उपयोग होना बाकी रहा। तब से अब तक लंबा समय यूं ही जाया हुआ। इस दौरान 600 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता वाली लैंको अमरकंटक परियोजना में प्रचालन से लेकर वित्तीय चुनौतियां पेश आईं। बार-बार आ रही परेशानियों के दौरान वह समय भी आया जब यहां से बिजली उत्पादन का काम खटाई में पड़ गया। लगातार अड़चनों का सामना करने के बाद आखिरकार इसके तत्कालीन प्रबंधन ने हाथ खड़े कर दिए। बिजली उद्योग की बिक्री के लिए तयशुदा शेड्यूल में प्रक्रियाओं को शामिल किया गया और फिर अदाणी समूह ने इसे बीते वर्ष मोटी रकम निवेश करते हुए खरीद लिया। अदाणी ने लैंको अमरकंटक को अपने बेड़े में शामिल करने के लिए औद्योगिक बैंक से बड़ी राशि लोन के रूप में ली है। इसकी योजना अब परियोजना का विस्तार करने की है और इस दिशा में काम भी तेज कर दिया गया है। उसे बिजली उत्पादन के साथ दूसरे काम भी करने हैं। इसके लिए बड़ा भूभाग जरूरी है। खबर के अनुसार लंबे समय से समूह इस प्रयास में लगा था। जानकार सूत्रों का कहना है कि इसी कड़ी के अंतर्गत खोड्डल में 2013 से अर्जित जमीन का स्वामित्व लिया जाना एक कोशिश है। डीआईसी के जरिए इस अध्याय को आगे बढ़ाया गया।
सूत्रों ने बताया कि प्रक्रियाओं के तहत पहले से अर्जित की गई जमीन का सीमांकन अब जाकर कराया गया ताकि इसके स्वामित्व से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की जा सके। आज खोड्डल में 143 एकड़ जमीन के सीमांकन के लिए पर्याप्त संख्या में राजस्व स्टाफ संसाधन के साथ मौजूद रहा। निगरानी के लिए अधिकारियों और सुरक्षा हेतु पुलिस बल की तैनाती की गई। दोपहर तक इस काम के दौरान सबकुछ सामान्य रहने की जानकारी मिली है।
