दर्दनाक हादसा: दीवार गिरने से दो मासूम बहनों की मौत, महिला गंभीर

बेमेतरा। जिले के नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राउरपुर में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। घर के आंगन में खेल रही दो मासूम बच्चियों की दीवार ढहने से मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

मृत बच्चियों की पहचान वंशिका (11 वर्ष) और राधिका (7 वर्ष), पिता ओमप्रकाश कोशले के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला शशिकला को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां आंगन में मौजूद थीं, तभी अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और उसकी चपेट में बच्चियां व महिला आ गईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Spread the word