सनसनीखेज हत्या मामलाः पुरानी रंजिश में निर्दोष युवक की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में तनाव

कोरबा 22 जून। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्री रोड स्थित रामसागर पारा में रविवार देर रात एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामूली आपसी विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक युवक की लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार अनुसार, करीब 8-10 दिन पहले मोहल्ले के ही एक युवक के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए रविवार शाम एक युवक अपने 8-10 साथियों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर रामसागर पारा पहुंचा। आरोपियों ने वहां मौजूद युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान रवि यादव के रूप में हुई है।

इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि जिस युवक की हत्या हुई, उसका इस विवाद से कोई सीधा संबंध नहीं बताया जा रहा है। हमलावर किसी और को निशाना बनाने आए थे, लेकिन उनकी हिंसा का शिकार एक निर्दोष युवक बन गया। इस तरह पुरानी रंजिश ने एक बेगुनाह की जान ले ली। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खुलेआम लाठियां लहराते हुए दर्री रोड से पावर हाउस रोड की ओर भागते नजर आए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।

घटना के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय बस्तीवासी बड़ी संख्या में कोतवाली थाना पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल रामसागर पारा में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और पुलिस द्वारा लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Spread the word