वन विभाग का सर्च ऑपरेशन, 5 तस्करों के घर से 5 लाख की लकड़ी जब्त

कोरबा। वनमण्डल अंतर्गत लेमरू वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध काष्ठ भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 तस्करों के घरों पर दबिश दी। इस दौरान 306 नग अवैध चिरान जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम लेमरू और कुदुरुवा में मुखबिर की सूचना पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। कार्रवाई में बीजा, साल समेत विभिन्न मूल्यवान प्रजातियों की लगभग 5.534 घन मीटर लकड़ी बरामद की गई।
यह कार्रवाई वनमण्डलाधिकारी प्रेमलता यादव और उपवनमण्डलाधिकारी सुरकांत सोनी के निर्देशन में की गई। वनपरिक्षेत्राधिकारी जयंत सरकार के नेतृत्व में टीम ने नियमानुसार सर्च वारंट के आधार पर आरोपियों के घरों पर दबिश दी।
वन विभाग ने बताया कि मामले में वन अधिनियम के तहत आगे वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध काष्ठ तस्करी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
