कटघोरा के न्यू बस स्टैंड में फैली गंदगी, व्यापारियों और राहगीरों को परेशानी

कोरबा 11 जून। कोरबा जिले के सबसे बड़े कसबे कटघोरा के न्यू बस स्टैंड में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतरती नजर आ रही है। बस स्टैंड परिसर स्थित सुलभ शौचालय के सामने लंबे समय से गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे यात्रियों, स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नगर पालिका द्वारा नियमित साफ-सफाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिसके कारण स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बस स्टैंड में संचालित फल दुकानों, होटल व्यवसायियों, ठेला- खुमचा संचालकों सहित कुछ अन्य व्यापारियों द्वारा कचरा खुले में ही फेंक दिया जाता है। इसका सबसे अधिक असर सुलभ शौचालय के आसपास देखने को मिलता है, जहां कचरे के ढेर और उससे उठने वाली दुर्गंध लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। शौचालय तक पहुंचने वाले यात्रियों और आम नागरिकों को नाक पर रूमाल रखकर गुजरना पड़ रहा है।
बस स्टैंड क्षेत्र में रोजाना बड़ी संख्या में यात्री पहुंचते हैं। ऐसे में गंदगी और बदबू के कारण न केवल लोगों को असुविधा हो रही है, बल्कि शहर की छवि पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि कई बार इस समस्या की ओर संबंधित विभागों और नगर पालिका का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नजर नहीं आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मानसून आने में अब अधिक समय नहीं बचा है। यदि समय रहते सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो बारिश के दौरान स्थिति और भी भयावह हो सकती है। कचरे के ढेर से जलभराव, कीचड़ और मच्छरों का प्रकोप बढने की आशंका है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
बस स्टैंड के माध्यम से अपनी रोजी-रोटी चलाने वाले दुकानदारों और कर्मचारियों का कहना है कि बारिश से पहले सफाई, कचरा प्रबंधन और नालियों की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर पालिका को गंभीरता दिखानी चाहिए। उनका मानना है कि यदि अभी से आवश्यक कदम उठाए जाएं तो आने वाले दिनों में उत्पन्न होने वाली जटिल परिस्थितियों से आसानी से बचा जा सकता है। क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका और प्रशासन से मांग की है कि न्यू बस स्टैंड परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाकर गंदगी हटाई जाए, नियमित कचरा संग्रहण की व्यवस्था की जाए।
