असामाजिक तत्वों ने थार कार में लगाई आग, अज्ञात बदमाशों की करतूत से इलाके में दहशत

कोरबा 09 जून। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पोड़ी बहार इलाके में अज्ञात बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी एक थार गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। देर रात हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, पोड़ी बहार स्थित शारदा विद्या निकेतन स्कूल के पास रहने वाले आदित्य कुमार की थार कार सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12.20 बजे घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने गाड़ी में आग लगा दी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और गाड़ी पूरी तरह से जलने लगी।
आधी रात को उठती आग की लपटों को देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 और सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन को भारी नुकसान पहुंच चुका था। बताया जा रहा है कि गाड़ी लगभग पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइन थाना पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।
