रायपुर के स्टील प्लांट में भीषण ब्लास्ट के बाद लगी आग, कई किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आरंग क्षेत्र में स्थित एक स्टील प्लांट में मंगलवार सुबह हुए ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। मंदिर हसौद इलाके के मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट में हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि उससे उठ रहा काले धुएं का विशाल गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे प्लांट में आग लगने की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि आग लगने से पहले प्लांट परिसर में तेज धमाका भी हुआ था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और प्लांट के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया गया। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाया गया। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने और उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के प्रयास में जुटे हुए हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासन और पुलिस की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। राहत एवं बचाव कार्य प्रशासन की निगरानी में जारी है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच की जा रही है।

तहसीलदार विनोद साहू ने बताया कि मिवान स्टील प्लांट में आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर रवाना किया गया। सभी एजेंसियां मिलकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

अभी तक इस हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान और हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी फिलहाल दमकल विभाग का अभियान जारी है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

Spread the word