डीजल चोर गिरोह का भंडाफोड़: 10 हजार का इनामी मास्टरमाइंड नवीन कश्यप गिरफ्तार

कोरबा। जिला पुलिस ने गेवरा और कुसमुंडा खदान क्षेत्रों में सक्रिय डीजल चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए इसके मास्टरमाइंड नवीन कश्यप समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी नवीन कश्यप पिछले डेढ़ वर्ष से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, डीजल चोरी के इस संगठित गिरोह के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक इस मामले में कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से 9 आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे, जबकि ताजा कार्रवाई में 3 और आरोपियों को दबोचा गया है। पुलिस पूर्व में 2500 लीटर चोरी का डीजल भी जब्त कर चुकी है। इस कार्रवाई में घटना में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में नवीन कश्यप (34 वर्ष), निवासी बलगी शांतिनगर बांकी मोंगरा, परमेश्वर सारथी (28 वर्ष), निवासी बलगी शांतिनगर बांकी मोंगरा तथा सब्बीर मेमन (35 वर्ष), निवासी गेवरा बस्ती गांधी चौक कुसमुंडा शामिल हैं। जब्त वाहनों में स्कॉर्पियो क्रमांक CG 28 P 6555 तथा CG 12 BU 6064 शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक 1 जून 2026 की रात थाना दीपका पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि डीजल चोरी गिरोह का मास्टरमाइंड नवीन कश्यप जांजगीर क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नवीन कश्यप सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त दोनों स्कॉर्पियो वाहनों को भी जब्त कर लिया गया।
मामले में थाना दीपका में दर्ज अपराध क्रमांक 437/2024 एवं 114/2026 के तहत आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि डीजल चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
