वनांचल शिक्षा सेवा न्यास छत्तीसगढ़ का 10 दिवसीय नवीन आचार्य प्रशिक्षण वर्ग आज से प्रारंभ, 3 जून को होगा भव्य उद्घाटन

जनजातीय क्षेत्र की शिक्षा को नई दिशा देने जुटेंगे प्रदेशभर के आचार्य, शिक्षण, संस्कार और राष्ट्र निर्माण पर होगा विशेष प्रशिक्षण

कोरबा। जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा के प्रचार-प्रसार एवं संस्कारयुक्त शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वनांचल शिक्षा सेवा न्यास छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित 10 दिवसीय नवीन आचार्य प्रशिक्षण वर्ग-2026 का शुभारंभ 2 जून की सायंकाल से कोरबा में होने जा रहा है। यह प्रशिक्षण वर्ग 13 जून प्रात: तक संचालित होगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए आचार्य सहभागी बनेंगे।

इस प्रशिक्षण वर्ग का भव्य उद्घाटन समारोह 3 जून 2026, बुधवार को प्रात: 10 बजे सरस्वती शिशु मंदिर सीएसईबी (पूर्व), कोरबा में आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और आयोजन को सफल बनाने के लिए वनांचल शिक्षा सेवा न्यास के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता लगातार जुटे हुए हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोरबा नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कोरबा चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री योगेश जैन करेंगे। वहीं नमामि हसदेव सेवा समिति, कोरबा के संरक्षक श्री श्रेष्ठ सिंह ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

उद्घाटन समारोह के मुख्य वक्ता विद्या भारती मध्य क्षेत्र, भोपाल के उपाध्यक्ष श्री जुड़ावन सिंह ठाकुर होंगे। वे नवीन आचार्यों को भारतीय शिक्षा दर्शन, संस्कार आधारित शिक्षण, राष्ट्र निर्माण में शिक्षक की भूमिका तथा समाज जीवन में शिक्षा के महत्व पर मार्गदर्शन देंगे।

वनांचल शिक्षा सेवा न्यास छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण वर्ग जनजातीय क्षेत्रों में कार्यरत एवं नवीन रूप से जुड़े आचार्यों को शैक्षणिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक दृष्टि से दक्ष बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा, जिससे आचार्य अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन कर सकें और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

न्यास के पदाधिकारियों के अनुसार जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर मजबूत करने, भारतीय संस्कृति एवं जीवन मूल्यों से युक्त शिक्षण व्यवस्था को बढ़ावा देने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहे आचार्यों को नई ऊर्जा, नई दृष्टि और नवीन प्रेरणा प्रदान करेगा।

प्रशिक्षण वर्ग के सफल संचालन की जिम्मेदारी वर्ग प्रमुख श्री नरेश जायसवाल, वर्गाधिकारी श्री सुरेश गुप्ता एवं प्रांतीय सचिव श्री चंद्र किशोर श्रीवास्तव और विद्याभारती कोरबा के विभाग प्रमुख तथा इस वर्ग के सर्व व्यवस्था प्रमुख श्री कीर्ति कुमार अग्रवाल सहित वनांचल शिक्षा सेवा न्यास के कार्यकर्ताओं द्वारा निभाई जा रही है और वे कार्यक्रम को सफल बनाने में जोर-शोर से जुटे हुए हैं।

आयोजकों ने शिक्षा, समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े सभी नागरिकों से 3 जून को आयोजित उद्घाटन समारोह में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने तथा जनजातीय क्षेत्र की शिक्षा के इस महत्वपूर्ण अभियान में सहभागी बनने का आग्रह किया है।

Spread the word