भूपेंद्र सोनवानी ने जनपद पंचायत पोड़ी का संभाला कामकाज

कोरबा 23 मई। जिले के विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत में नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी भूपेंद्र सोनवानी ने पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने जेपी डडसेना की जगह ली है जिन्हें कोरबा अटैच किया गया।

लगभग डेढ़ वर्षों से पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत में पदस्थ युवा सीईओ जयप्रकाश डडसेना का अचानक जिला पंचायत कोरबा में अटैचमेंट कर दिया गया है। उनके स्थान पर भूपेंद्र सोनवानी को पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत का नया सीईओ नियुक्त किया गया है।
नए अधिकारी के आगमन को लेकर जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सौजन्य मुलाकात के दौरान गो.ग.पा. जिला अध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम ने नवपदस्थ सीईओ भूपेंद्र सोनवानी का स्वागत करते हुए कहा कि पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र आदिवासी बाहुल्य एवं दूरस्थ वनांचल क्षेत्र है, जहां पंचायतों के विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं और ग्रामीण समस्याओं के निराकरण के लिए प्रशासनिक सक्रियता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए सीईओ के नेतृत्व में जनपद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।

इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, अधूरे विकास कार्यों, पेयजल, सडक, राशन, आवास एवं ग्रामीण योजनाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा जताई। वहीं नवपदस्थ सीईओ भूपेंद्र सोनवानी ने सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन और ग्रामीण विकास उनकी प्राथमिकता होगी।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर कार्य करने तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता से निराकृत करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान धरम पाल सिंह मरकाम सरपंच पनगवां, चंद्र प्रताप सिंह पोर्ते सरपंच पुटी पखना, सुरेश कुमार पोर्ते प्रतिनिधि बिंझरा, सरवन कुमार मरपची प्रतिनिधि तनेरा, बलदेव सिंह पोर्ते प्रतिनिधि सुतरा, सुरेंद्र कुमार पुहुप, मनोहर श्रोते, ग्राम पंचायत भांवर, मलदा, सिंघिया एवं रामपुर के सरपंच, शिवकुमार श्याम प्रतिनिधि अमलीकुंडा, तापस मार्को, जनपद सदस्य दीनानाथ आयम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Spread the word